बीकानेर में दर्ज तीन साल पुराने एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे एक इनामी ड्रग सप्लायर को राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश में कई टीमें जुटी हुई थीं।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में देशनोक थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले में झारखंड के चतरा जिले के सलगी गांव निवासी अंकित राज उर्फ अंकित कुमार सिंह वांछित था। बीकानेर रेंज के आईजी द्वारा उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जांच के दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर रेलवे के सिविल निर्माण कार्य में सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहा है। हाल ही में उसकी सगाई हुई थी और शादी से पहले किसी तरह का जोखिम नहीं लेने के उद्देश्य से उसने कथित तौर पर नशीले पदार्थों के कारोबार से दूरी बनाकर नौकरी शुरू कर दी थी।
आरोपी तक पहुंचने के लिए एएनटीएफ की टीम रेलवे इंजीनियर बनकर निर्माण स्थल पर पहुंची। सैकड़ों मजदूरों के बीच उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। टीम ने श्रमिकों से योजनाओं के नाम पर जानकारी जुटाई और फिर अवैध खनन संबंधी पूछताछ का बहाना बनाकर आरोपी को जेसीबी मशीन से नीचे बुलाया। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
- Advertisement -
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अंकित मणिपुर और झारखंड के किसानों से कम कीमत पर नशीले पदार्थ खरीदकर राजस्थान सहित अन्य राज्यों के तस्करों को ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार वह एक बार में बड़ी मात्रा में माल भेजता था और प्रत्येक खेप से लाखों रुपये का मुनाफा कमाता था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
