राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम ने फिर करवट ली है। बुधवार से राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया। उदयपुर में दोपहर बाद बारिश दर्ज की गई, जबकि डूंगरपुर में ओलावृष्टि हुई।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और सिरोही को छोड़कर शेष जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा।
बुधवार को बीकानेर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 जून से सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ मध्यम से भारी बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
