बीकानेर रेल मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में रेलवे ने यात्रियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए रेल मदद पोर्टल को प्रभावी माध्यम बनाया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव ने बताया कि यात्री मोबाइल एप, वेबसाइट, एसएमएस, 139 हेल्पलाइन, ई-मेल और सोशल मीडिया जैसे विभिन्न माध्यमों से अपनी शिकायतें रेल मदद पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं। सभी शिकायतें एकीकृत प्लेटफॉर्म पर प्राप्त होने से उनके समाधान की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी हुई है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 3 जून तक रेल मदद पोर्टल पर कुल 4042 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण औसतन 15 मिनट में किया गया। वाणिज्य विभाग ने 1325 शिकायतों का औसतन 6 मिनट में समाधान कर संतोषजनक फीडबैक प्राप्त किया। वहीं रेलवे सुरक्षा बल ने 738 शिकायतों का औसतन 20 मिनट में निस्तारण कर उत्कृष्ट फीडबैक हासिल किया।
इसी अवधि में कैरिज एवं वैगन विभाग ने 934 शिकायतों का औसतन 17 मिनट में समाधान किया, जबकि सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग ने प्राप्त 8 शिकायतों का औसतन 26 मिनट में निस्तारण किया।
- Advertisement -
रेल मदद पोर्टल के माध्यम से यात्रियों को यात्रा के दौरान बच्चों के लिए दूध, चिकित्सा सहायता, दवाइयां और आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। यहां तक कि यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा जैसी आपात स्थितियों में भी तत्काल सहायता मुहैया कराई जाती है।
यात्रियों की शिकायतों की निगरानी और समाधान के लिए बीकानेर रेल मंडल में 24 घंटे संचालित वार रूम भी स्थापित किया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है।
