बीकानेर। बढ़ती महंगाई और संचालन लागत में लगातार हो रही वृद्धि के बीच बीकानेर वाटर कैम्पर एसोसिएशन ने पानी सप्लाई की दरों में बदलाव का फैसला किया है। एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक कार्यवाहक अध्यक्ष श्याम राठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से 1 जुलाई 2026 से नई दरें लागू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पानी कैम्पर व्यवसाय से जुड़े वर्तमान हालात, बढ़ती लागत और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों का कहना था कि पिछले कई वर्षों से पानी सप्लाई के शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई, जबकि डीजल, बिजली, वाहन रखरखाव, कर्मचारियों के वेतन और अन्य खर्चों में लगातार इजाफा हुआ है।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार बाजार क्षेत्र में मासिक पानी सप्लाई की न्यूनतम दर 600 रुपये प्रति कैम्पर प्रतिमाह निर्धारित की गई है। वहीं विवाह समारोह, घरेलू उपयोग और अन्य आयोजनों के लिए पानी कैम्पर की न्यूनतम दर 30 रुपये प्रति कैम्पर तय की गई है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए टैंकरों के माध्यम से भी पानी मंगवाना पड़ता है, जिससे लागत और बढ़ जाती है। ऐसे में पुराने रेट पर काम करना व्यवसाय के लिए कठिन होता जा रहा था।
- Advertisement -
सदस्यों का मानना है कि नई दरें लागू होने से व्यवसाय को आर्थिक स्थिरता मिलेगी और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती लागत के बावजूद सेवा की गुणवत्ता बनाए रखना संगठन की प्राथमिकता है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन की अगली बैठक 6 जून को आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नए निर्णयों की समीक्षा के साथ-साथ व्यवसाय से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
सभी सदस्यों ने संगठन की एकता बनाए रखने, तय दरों का पालन करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। साथ ही व्यापारी वर्ग और आमजन से सहयोग की अपील भी की गई।
बैठक में उमाशंकर सोलंकी, नितेश लखोटिया, कमलेश धतरवाल, कुलदीप तंवर, करणपाल सिंह, जगदीश चौधरी, अंकित ढढ्ढा जैन, नवदीप गहलोत, करण चौधरी, अंकित जैन, हरिराम कुमावत सहित बड़ी संख्या में एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
