बीकानेर। पतंग उड़ाने को लेकर हुए विवाद के बाद जानलेवा हमला करने के मामले में जेएनवीसी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार यह मामला 21 अप्रैल 2023 को दर्ज किया गया था। परिवादी टीकूराम नायक ने रिपोर्ट में बताया था कि 20 अप्रैल को उसके भतीजे घर की छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी और उसके घर में किराये पर रहने वाले कुछ लोगों के साथ पतंग को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी। जब परिवार की ओर से समझाइश का प्रयास किया गया तो आरोपी एकजुट होकर परिवादी की छत पर पहुंच गए और सरियों तथा लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। जांच के दौरान कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते हुए फरार रहे। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
- Advertisement -
पुलिस टीम ने तकनीकी और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद जसरासर क्षेत्र में दबिश देकर मनीष पुत्र लेखराम जाट और रामरतन पुत्र कानाराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी के बाद लंबे समय से लंबित इस प्रकरण में जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस कार्रवाई को जेएनवीसी थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अंजाम दिया। टीम में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी सहित हनुमानराम, राजाराम और मनराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
