बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित स्टेट वूलन मिल इलाके के केयर मार्ट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रतिष्ठान को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब पांच बजे केयर मार्ट के संचालक को दुकान से धुआं उठने और आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की दो से तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि इमारत के अंदर लगे लोहे के गार्डर तक गर्मी से टेढ़े हो गए। पांच मंजिला केयर मार्ट की तीन मंजिलों में रखा घरेलू सामान, राशन, स्टेशनरी, घी, तेल, चावल, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
केयर मार्ट इलाके का प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठान माना जाता है, जहां रोजमर्रा की जरूरत का लगभग हर सामान उपलब्ध रहता है। घटना के समय प्रतिष्ठान बंद होने के कारण अंदर कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
- Advertisement -
सूचना मिलने पर बीछवाल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।
