बीकानेर में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को अपने सादुलगंज स्थित आवास पर जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा तथा राजस्व विभाग से जुड़े मामलों को मंत्री के समक्ष रखा।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने स्कूलों में स्टाफ की कमी, अतिक्रमण हटाने, पेयजल व्यवस्था सुधारने और सड़क निर्माण जैसी समस्याओं के समाधान की मांग की। मंत्री गोदारा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी नियमित रूप से लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं।
खाद्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा प्राप्त शिकायतों और मांगों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मंत्री गोदारा ने जल संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर प्रदेशभर में जल संरक्षण और जल संचय को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बीकानेर जिले में भी अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों में जल बचाने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
- Advertisement -
इसके बाद लूणकरणसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मंत्री गोदारा ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के हित में योजनाएं संचालित कर रही है और इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से राशि स्वीकृत करने की मांग रखी। मंत्री ने कई प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृति की अनुशंसा की। इससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सरकार की जनसुनवाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
