बीकानेर के अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक अज्ञात कार सवार अवैध डोडा-पोस्त छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 1 किलो 800 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
महाजन पुलिस के अनुसार जैतपुर चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्रसिंह बिश्नोई अपनी टीम के साथ मेगा हाईवे पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान अरजनसर से पल्लू की ओर जा रही एक संदिग्ध कार को रुकने का संकेत दिया गया।
पुलिस को देखकर कार चालक घबरा गया और जामनगर एक्सप्रेसवे के पास मादक पदार्थ को एक खड्डे में छुपाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक नीले रंग के कट्टे में 1 किलो 800 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस फिलहाल फरार आरोपी और कार की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।
