बीकानेर से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। एलाइंस एयर जल्द ही अपनी बीकानेर-जयपुर फ्लाइट का विस्तार दिल्ली तक करने जा रही है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर बीकानेर से दिल्ली (वाया जयपुर) के लिए बुकिंग शुरू होने के बाद इस संभावना को और मजबूती मिली है। हालांकि दिल्ली से वापसी उड़ान के समय को लेकर अभी पूरी जानकारी जारी नहीं हुई है।
फिलहाल यह फ्लाइट केवल बीकानेर और जयपुर के बीच संचालित हो रही है, लेकिन जून माह से लागू होने वाले नए शेड्यूल में यही विमान जयपुर से आगे दिल्ली के लिए रवाना होगा। इससे बीकानेर की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। अभी बीकानेर से दिल्ली के लिए केवल इंडिगो की सीधी उड़ान उपलब्ध है।
नए शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट संख्या 9I 834 दोपहर 3:40 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से रवाना होगी और शाम 4:55 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान शाम 5:25 बजे जयपुर से उड़ान भरकर शाम 6:30 बजे दिल्ली पहुंचेगा। वहीं वापसी में फ्लाइट संख्या 9I 833 दोपहर 1:55 बजे जयपुर से रवाना होकर 3:10 बजे बीकानेर पहुंचेगी। दिल्ली से जयपुर के समय की जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।
