केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah मंगलवार को बीकानेर के सांचू बॉर्डर पोस्ट पहुंचे, जहां उन्होंने सीमा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और बीएसएफ जवानों का हौसला बढ़ाया। गृह मंत्री वॉच टावर पर चढ़कर दूरबीन से भारत-पाकिस्तान सीमा की गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma और केंद्रीय मंत्री Arjun Ram Meghwal भी उनके साथ मौजूद रहे।
सांचू पोस्ट पर अमित शाह ने जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और देश की सुरक्षा को लेकर आधुनिक “स्मार्ट बॉर्डर” मॉडल की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल, भारतीय सेना, जागरूक नागरिकों और स्थानीय प्रशासन को मिलाकर मजबूत सुरक्षा ग्रिड तैयार करने पर जोर दिया। गृह मंत्री ने कहा कि सीमा पार से होने वाली घुसपैठ, ड्रोन गतिविधियों और तस्करी पर अब तकनीक और समन्वय के जरिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने संबोधन में अमित शाह ने 1965 और 1971 के युद्धों में सांचू पोस्ट के वीर जवानों के शौर्य को याद किया और ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान बीएसएफ के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस दौरान गृह मंत्री ने वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 का शुभारंभ भी किया। योजना के तहत राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर के 184 सीमावर्ती गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
- Advertisement -
गृह मंत्री ने सीमा चौकियों पर महिला जवानों के लिए तैयार 14 हाईटेक बैरकों का ई-लोकार्पण किया और एंटी-ड्रोन तकनीक सहित आधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। दौरे के दौरान उन्होंने सांचू माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और जवानों के साथ बैठकर जलपान भी किया।
