केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah मंगलवार को बीकानेर से सटे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत राजस्थान के सीमा से जुड़े 184 गांवों को सड़क और 4G नेटवर्क जैसी सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। इसके बाद वे सांचू पोस्ट पहुंचकर सेना के जवानों से मुलाकात करेंगे और वॉच टावर से पाकिस्तान बॉर्डर का निरीक्षण भी करेंगे। यह पोस्ट अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 5 किलोमीटर दूरी पर स्थित है।
गृह मंत्री सोमवार रात विशेष विमान से नाल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय स्थित गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
गृह मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्य सचिव सुधांश पंत समेत केंद्रीय गृह सचिव, बीएसएफ महानिदेशक और कई सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी पहले ही बीकानेर पहुंच चुके हैं।
वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 के तहत सीमावर्ती गांवों में शिक्षा, सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, पर्यटन और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। योजना में स्मार्ट क्लासरूम, पर्यटन सर्किट, सामुदायिक विकास कार्य और स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के जरिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
