राजस्थान शिक्षा विभाग में कार्यरत संविदा सहायक शिक्षकों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने संविदा शिक्षक नियम-2022 में शिथिलता देते हुए लेवल प्रथम और द्वितीय के अंग्रेजी, विज्ञान तथा गणित विषय के शिक्षकों को पत्राचार माध्यम से उच्च अध्ययन करने की अनुमति दे दी है।
वित्त एवं कार्मिक विभाग की मंजूरी के बाद जारी आदेशों में जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र संविदा शिक्षकों के आवेदन पर निर्धारित नियमों के तहत एनओसी जारी की जा सकेगी। हालांकि निदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि उच्च अध्ययन के कारण शिक्षकों के नियमित कार्य और अध्यापन व्यवस्था पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ना चाहिए।
अब तक संविदा नियमों के अनुसार बिना सरकारी अनुमति किसी भी प्रकार के पाठ्यक्रम या अन्य कार्य की अनुमति नहीं थी, जिसके कारण शिक्षकों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई होती थी। नए फैसले के बाद संविदा शिक्षक अपनी शैक्षणिक योग्यता बढ़ाकर भविष्य में बेहतर कैरियर अवसर हासिल कर सकेंगे।
