लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मई महीने में कई बार पेट्रोल और डीजल महंगे होने के बाद अब सीएनजी के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने मंगलवार, 26 मई से सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में सीएनजी अब 83.09 रुपये प्रति किलो हो गई है, जो पहले 81.09 रुपये थी। यह नई कीमत दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में लागू की गई है।
इससे पहले तेल कंपनियां पेट्रोल के दाम 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ा चुकी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हो रहे उतार-चढ़ाव का सीधा असर ईंधन दरों पर पड़ रहा है। यदि क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
