बीकानेर के सुजानदेसर क्षेत्र में रविवार सुबह एक घर के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और सामाजिक संगठनों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे सांखला गली स्थित एक घर में शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। गंगाशहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। मृतक की पहचान मूलचंद (करीब 43 वर्ष), निवासी सांखला गली, सुजानदेसर के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।
