बीकानेर में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जवानों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनकी अगवानी के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी बीकानेर पहुंचेंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी संगठन के पदाधिकारियों के साथ मौजूद रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार रात 8:30 बजे बीकानेर पहुंचेंगे और कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रात 10:20 बजे विशेष विमान से नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार दोपहर रेल मार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे।
मंगलवार सुबह गृह मंत्री और मुख्यमंत्री अलग-अलग हेलीकॉप्टर से भारत-पाक सीमा स्थित सांचू पोस्ट पहुंचेंगे। यहां दोनों नेता वृक्षारोपण करेंगे और सैनिक सम्मेलन में शामिल होकर सीमा पर तैनात जवानों से संवाद करेंगे। इसके जरिए जवानों का हौसला बढ़ाने और उनकी समस्याएं जानने का प्रयास किया जाएगा।
इसके बाद दोनों नेता बीकानेर स्थित बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां अमित शाह महिला बैरकों का ई-उद्घाटन करेंगे। दोपहर में सीमा सुरक्षा, घुसपैठ रोकने, तस्करी पर नियंत्रण और बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर हाईलेवल समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में सीमा सुरक्षा से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
