बीकानेर में श्रीअन्नपूर्णा रसोई के भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर में पहले भी खराब सब्जियों और अस्वच्छ भोजन की शिकायतें सामने आती रही हैं, वहीं अब फूड प्वॉइजनिंग का नया मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री के रात्रि विश्राम स्थल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के पास सफाई कार्य कर रहे नगर निगम के 13 संविदा श्रमिक खाना खाने के बाद अचानक बीमार हो गए। सभी को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
श्रमिकों का आरोप है कि बीछवाल स्थित श्रीअन्नपूर्णा रसोई से मंगाए गए भोजन में छिपकली गिरी हुई थी, जिसके सेवन के बाद उन्हें उल्टियां और तबीयत बिगड़ने जैसी शिकायतें होने लगीं। संविदा फर्म के सुपरवाइजर ने बताया कि निगम की ओर से भोजन नहीं पहुंचने पर श्रमिकों ने इंदिरा रसोई से खाना मंगवाया था।
पीबीएम चौकी प्रभारी साहबराम के अनुसार प्रारंभिक जांच में भोजन में छिपकली गिरने की बात सामने आई है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अस्पताल में भर्ती लोगों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। डॉक्टरों ने बताया कि सभी मरीज फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद अब प्रशासन की कार्यप्रणाली और रसोई की गुणवत्ता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो इस तरह की घटनाएं भविष्य में और गंभीर रूप ले सकती हैं।
