बीकानेर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए लगातार उच्च स्तरीय बैठकें और निरीक्षण किए जा रहे हैं। वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है।
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास बीकानेर पहुंचे, जहां संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा और जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सर्किट हाउस में उनकी अगवानी की। मुख्य सचिव ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के कार्यक्रमों में शामिल होंगे और पेमासर ग्राम पंचायत का निरीक्षण करेंगे। वहीं बॉर्डर मैनेजमेंट सचिव डॉ. राजेंद्र कुमार भी सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन भी अमित शाह के साथ बीकानेर पहुंचेंगे। इसके अलावा डीजीपी राजीव शर्मा, एनसीबी डीजी अनुराग गर्ग और सीबीआई निदेशक तपन कुमार डेका के आगमन से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। गृह मंत्री सीमा सुरक्षा, घुसपैठ और नशीली तस्करी को लेकर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मंगलवार शाम बीकानेर पहुंचकर गृह मंत्री की अगवानी करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेता भी शहर में मौजूद रहेंगे। सभी नेता सीमा चौकी सांचू पर जवानों से संवाद करेंगे और बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में समीक्षा बैठक करेंगे।
- Advertisement -
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में दो दिन का ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है। नाल एयरपोर्ट से लेकर विभिन्न प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा और पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
