बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार टैक्सी अनियंत्रित होकर सीधे एक दुकान में जा घुसी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में दुकान का छप्पर और अंदर रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार पारीक चौक निवासी अतुल मारू ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 मई की सुबह करीब 11 बजे सोनगिरी कुआं, दाऊजी रोड पर टैक्सी (RJ07 GD 4616) का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गया।
हादसे के दौरान जब दुकान में अफरा-तफरी मची तो शिकायतकर्ता की मां ने चालक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने उन्हें धक्का देकर घसीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई हंसराज कर रहे हैं।
