बीकानेर शहर के शिवबाड़ी क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को राउंडअप किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने गली में खड़ी एक स्विफ्ट कार को निशाना बनाया। पहले कार में जमकर तोड़फोड़ की गई और बाद में उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। घटना के बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर खुद को “मोनू गैंग” का सदस्य बताते हुए गैंगस्टर की छवि पेश करने की कोशिश की।
वायरल वीडियो में आरोपियों द्वारा “ये सिर्फ ट्रेलर है, फिल्म आगे दिखाएंगे” जैसी धमकी दी गई थी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक Mridul Kachhawa के निर्देश पर जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। थाना अधिकारी विक्रम तिवाड़ी की टीम ने हरि सिंह उर्फ जेठू सिंह, ललित नायक, श्रीराम उपाध्याय और नारायण उर्फ अजय को राउंडअप किया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
- Advertisement -
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला पैसों के लेन-देन और पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। पुलिस वायरल वीडियो और आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच कर रही है। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भय फैलाने और गैंगस्टर जैसी छवि बनाने के एंगल से भी पड़ताल जारी है।
पीड़ित पोकरराम ने व्यास कॉलोनी थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उदासर निवासी कुछ युवकों ने उसके पुत्र को फोन कर पैसों की मांग की थी। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच घर के बाहर खड़ी कार में आग लगा दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
