ऑनलाइन दवा बिक्री और नकली दवाओं के विरोध में शुक्रवार को बीकानेर जिलेभर में मेडिकल स्टोर बंद रहे। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) और राजस्थान केमिस्ट एसोसिएशन (RCA) के आह्वान पर आयोजित इस बंद को बीकानेर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एसोसिएशन ने पूर्ण समर्थन दिया।
जिला अध्यक्ष बाबू लाल गहलोत के नेतृत्व में बीकानेर शहर सहित ग्रामीण और तहसील क्षेत्रों में भी दवा दुकानों का शत-प्रतिशत बंद देखने को मिला। बंद के चलते जिलेभर में मेडिकल व्यापार पूरी तरह प्रभावित रहा।
बीकानेर के अलावा नोखा, देशनोक, श्रीडूंगरगढ़, लूनकरणसर, खाजूवाला, नापासर, पूगल, महाजन, अर्जनसर, श्रीकोलायत, बज्जू, कोलासर, भोलासर और अखासर सहित कई क्षेत्रों में मेडिकल स्टोर बंद रखे गए। व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर नियंत्रण और नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है। साथ ही बिना उचित जांच के दवाओं की बिक्री से लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने सरकार से इस मामले में स्पष्ट और सख्त नीति लागू करने की मांग की।
- Advertisement -
बंद को सफल बनाने में जिलेभर के दवा व्यापारियों और एसोसिएशन सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान नंद लाल पुरोहित, जगदीश चौधरी, विनय मित्तल, शिव जोशी, पुरुषोत्तम पुरोहित, आशा राम जोशी, दिलीप भाई, सोम स्वामी, सुशील आचार्य, कैलास अग्रवाल, राहुल गहलोत, इंद्र चौधरी, पवन जोशी, श्याम पुरोहित, गजानंद, आनंद जिंदल, आनंद ओझा, मनीष गहलोत, दिनेश, अनुज मित्तल, श्याम प्रजापत और विक्की भाटिया सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
