राजस्थान में भीषण गर्मी के प्रतीक माने जाने वाले नौतपा की शुरुआत सोमवार, 25 मई से हो गई है। खास बात यह है कि वर्ष 1980 के बाद पहली बार नौतपा इसी तारीख से आरंभ हुआ है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार शुरुआती छह दिनों में सूर्य का प्रभाव बेहद तेज रहेगा, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। रेगिस्तानी क्षेत्रों में 29 मई तक तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि 30 मई के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। नौतपा के अंतिम तीन दिनों में बूंदाबांदी के भी आसार बताए गए हैं।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार नौतपा के नौ दिन वर्षा ऋतु के संकेत माने जाते हैं। यदि इस दौरान गर्मी लगातार बनी रहे तो मानसून अच्छा रहने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम रहने और धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान जताया है। पश्चिमी राजस्थान में 26 और 27 मई को तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कई इलाकों में तीव्र हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
