बीकानेर के चर्चित 70 करोड़ रुपये की हेरोइन तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक उर्फ अभिनव को पाली जिले के शिवपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बीकानेर के खाजूवाला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मामले दर्ज होने के बाद से लगातार फरार था और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे दबोचा गया। इस कार्रवाई में एएसआई किशनलाल और सिपाही अजयसिंह की अहम भूमिका रही।
पूछताछ में आरोपी ने अंतरराष्ट्रीय तस्कर और मुख्य सरगना राकेश प्रजापत के साथ मिलकर हेरोइन की दो बड़ी खेप लाने की बात कबूल की है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि 21 अप्रैल को बीकानेर के पूंगल थाना क्षेत्र में एक स्कूटी हादसे के बाद पुलिस ने जांच की थी। तलाशी के दौरान स्कूटी से 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 करोड़ रुपये आंकी गई। घायल युवक की पहचान सोजत निवासी खेताराम के रूप में हुई थी। होश में आने पर उसने बताया कि यह खेप चोपड़ा निवासी राकेश प्रजापत की थी। इसके बाद पुलिस ने जयपुर से राहुल और प्रशांत कयाल को भी गिरफ्तार किया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक करीब छह महीने पहले ही राकेश प्रजापत के संपर्क में आया था। दोनों गांवों की नजदीकी के कारण राकेश उसे अपना भरोसेमंद साथी मानता था। पुलिस के अनुसार, अभिनव अब तक भारत-पाक सीमा से दो बड़ी हेरोइन खेप लाने में शामिल रहा है।
