बीकानेर रेल मंडल के लालगढ़ स्टेशन थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर क्षतिग्रस्त डिजिटल तिजोरी मिलने के मामले का खुलासा करते हुए रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस टीम ने दो किशोरों को पकड़ लिया है। दोनों किशोरों ने पूछताछ में चोरी और तिजोरी को रेलवे ट्रैक पर रखने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को लालगढ़ और नाल रेलवे स्टेशन के बीच ओएचई किलोमीटर संख्या 04/3-5 के पास रेलवे लाइन पर एक क्षतिग्रस्त डिजिटल तिजोरी रखे होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लालगढ़ में प्रकरण दर्ज किया गया और लालगढ़ थाना निरीक्षक उषा निरंकारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान टीम ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाते हुए मुक्ताप्रसाद नगर और रामपुरा बस्ती लालगढ़ क्षेत्र से दो किशोरों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने 11 और 12 मई की रात मुक्ताप्रसाद नगर स्थित एक मकान से डिजिटल तिजोरी चोरी की थी।
किशोरों ने बताया कि तिजोरी खोलने में असफल रहने के बाद वे उसे सुनसान इलाके में लालगढ़-नाल रेलवे ट्रैक के बीच ले गए और तोड़ने के उद्देश्य से रेलवे लाइन पर रख दिया। पुलिस ने दोनों किशोरों को विधि से संघर्षरत किशोर मानते हुए निरुद्ध किया और बाद में उन्हें किशोर न्याय बोर्ड बीकानेर के समक्ष पेश किया गया।
- Advertisement -
इस कार्रवाई में निरीक्षक उषा निरंकारी के साथ उप निरीक्षक राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल रामसिंह मीणा, जगदीश प्रसाद, चरणजीत राम, कांस्टेबल रतनलाल, राजीव, सुरेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक गुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल श्यामाराम और अनिल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
