बीकानेर में रविवार को आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान की 26वीं कड़ी में केंद्रीय कानून मंत्री Arjun Ram Meghwal ने साइकिल चलाकर फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया। प्रधानमंत्री Narendra Modi के फिट इंडिया मूवमेंट से प्रेरित इस अभियान में बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
जयपुर रोड स्थित सीजीएसटी एवं कस्टम विभाग कार्यालय परिसर से शुरू हुए इस कार्यक्रम का आयोजन जिला साइक्लिंग संघ और सीजीएसटी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सैकड़ों साइकिल चालकों के साथ रैली को हरी झंडी दिखाई और स्वयं भी पूरे मार्ग पर साइक्लिंग करते नजर आए।
साइक्लिंग रैली जय नारायण व्यास कॉलोनी, मूर्ति सर्किल, पंचशती सर्किल, भ्रमण पथ और गांधी पार्क होते हुए पुनः सीजीएसटी कार्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में युवाओं और आमजन ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर मेघवाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नागरिकों का स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के विकास से भी जुड़ा हुआ विषय है। साइक्लिंग जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने में भी मददगार साबित होते हैं।
- Advertisement -
उन्होंने बताया कि बीकानेर में 23 नवंबर 2025 से शुरू हुआ यह अभियान लगातार जारी है और अब यह शहर की पहचान बनता जा रहा है। हर रविवार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
सीजीएसटी अधीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय ने कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि विभाग समय-समय पर खेल और स्वास्थ्य से जुड़े आयोजनों को बढ़ावा देता रहा है। जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सुरेंद्र कूकणा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के आह्वान पर शहर के लोग नियमित रूप से इस अभियान से जुड़ रहे हैं और आने वाले समय में इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में संतोषानंद महाराज, राजकुमार पन्नू, मनोज कुमार जाट, निकिता बंसल, शिवानी भाटी, मुस्कान, वृंदा राठौड़, राजू खान, लालचंद जीनगर, श्रवण कुमार भाम्भू, मनीष मेघवाल सहित बड़ी संख्या में साइक्लिस्ट, विभागीय अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।
