बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में जल संकट से राहत दिलाने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। स्वर्गीय भागीरथ, लक्ष्मीनारायण और सूरजमल राठी अक्कासर वालों की स्मृति में अस्पताल परिसर में नए ट्यूबवेल के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। यह ट्यूबवेल कैंसर अस्पताल के पास नई पानी की टंकी के निकट स्थापित किया जा रहा है, जिससे अस्पताल में पानी की उपलब्धता को स्थायी मजबूती मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा नेता Ravi Shekhar Meghwal, पूर्व यूआईटी चेयरमैन Mahavir Ranka और सीआई मनोज शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी रामधन डागा ने बताया कि इस सेवा कार्य की प्रेरणा समाजसेवी रूपकिशोर व्यास से मिली, जिसके बाद राठी परिवार ने जनहित में यह पहल शुरू की।
राठी परिवार की ओर से शारदा देवी राठी, सत्यनारायण राठी, माणकचंद राठी, सुरेश राठी, सुनील राठी, राधेश्याम राठी और जयदयाल राठी इस जल सेवा अभियान से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अस्पताल में बढ़ती पानी की आवश्यकता को देखते हुए इस ट्यूबवेल निर्माण का निर्णय लिया।
समाजसेवी रामधन डागा ने जानकारी दी कि ट्यूबवेल शुरू होने के बाद प्रतिघंटा लगभग 50 से 55 हजार लीटर पानी की आपूर्ति संभव हो सकेगी। साथ ही आगामी सात दिनों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद अस्पताल को डायरेक्ट जल सप्लाई शुरू हो जाएगी।
- Advertisement -
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भीषण गर्मी और पानी की किल्लत के दौरान ट्रॉमा सेंटर के पास एक पुराने ट्यूबवेल का पुनर्निर्माण भी इसी टीम द्वारा करवाया गया था। उस प्रयास से अस्पताल की करीब 50 प्रतिशत पानी की समस्या का समाधान हो गया था। अब नए ट्यूबवेल के शुरू होने से पीबीएम अस्पताल परिसर में जल संकट पूरी तरह समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल डॉ. सुरेन्द्र वर्मा, पीबीएम अधीक्षक डॉ. बीसी घीया, बृजमोहन चांडक, विनोद मोदी, रमेश छींपा, शंकर सिंह राजपुरोहित, शंभु गहलोत, सिंथेसिस डायरेक्टर जेठमल सुथार, डॉ. जितेन्द्र आचार्य, धीरज रांका, सीए मनमोहन मोदी और आशीष बजाज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
