बीकानेर में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में हल्दीराम सोसाइटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रधानाचार्यों और समाजसेवियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने कहा कि छात्राओं के सम्मान की यह परंपरा समाज के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं और ऐसे सम्मान समारोह उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हल्दीराम सोसाइटी के सहयोग से बीकानेर के विद्यालय शैक्षणिक उन्नयन में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
सोसाइटी के प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल ने संस्था के सामाजिक सरोकारों और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोसाइटी के अध्यक्ष मनोहर लाल अग्रवाल और सचिव रीटा कपूर की पहल से बालिका शिक्षा को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के सहयोग से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जिससे संस्था का मनोबल भी बढ़ा है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और छात्राओं की सामूहिक सरस्वती वंदना से हुई। इस दौरान शिवरतन अग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। अतिरिक्त निदेशक शैलेन्द्र देवड़ा ने हल्दीराम सोसाइटी के नवाचारों और शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
- Advertisement -
समारोह में संयुक्त निदेशक सुनीता चावला, स्टाफ ऑफिसर अशोक शर्मा, शिक्षा अधिकारी शिवराम चौधरी, राजेश जोशी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा महारानी स्कूल की प्रधानाचार्य शिखा रन, गुरुद्वारा स्कूल की प्रधानाचार्य सुमन आर्य और मूक-बधिर स्कूल की रेणु वर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
हल्दीराम सोसाइटी द्वारा बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली महारानी स्कूल की सात छात्राओं और सूरसागर स्कूल की चार छात्राओं को 11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए महारानी स्कूल और हल्दीराम राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरसागर के प्रधानाचार्यों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सूरसागर स्कूल के प्रधानाचार्य परमेश्वर स्वामी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन ज्योति प्रकाश रंगा और अध्यापिका हरविंद्र कौर ने किया।
