बीकानेर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने मंगलवार को नोखा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों और कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय छात्रावास, नगर पालिका द्वारा संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई सहित कई सरकारी कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने छात्रावास में आवास, भोजन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास की कुल क्षमता और वर्तमान प्रवेश संख्या की जानकारी भी ली।
इसके बाद जिला कलेक्टर ने नगर पालिका द्वारा संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए प्रतिदिन के मेन्यू और लाभार्थियों की संख्या के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि रसोई में साफ-सफाई, पेयजल और गर्मी को देखते हुए कूलर व पंखों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भोजन कर रहे लोगों से व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत भी की।
दौरे के दौरान जिला कलेक्टर ने नोखा उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय और उप कोष कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित जनसुनवाई, रात्रि चौपाल और क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि किसी भी प्रकार की पत्रावली अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए और संपर्क पोर्टल पर आने वाले मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से आमजन को अधिकतम राहत पहुंचाने के उद्देश्य से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की बात कही।
