बीकानेर। शहर के एसडीएम राजकीय जिला अस्पताल को शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2026-27 के तहत अस्पताल में नवीन शिशु रोग वार्ड और अत्याधुनिक पीडियाट्रिक आईसीयू के निर्माण के लिए 3 करोड़ 30 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
यह स्वीकृति जेठानंद व्यास के प्रयासों के बाद मिली है। उन्होंने भजन लाल शर्मा के समक्ष जिला अस्पताल में शिशु रोग सेवाओं के विस्तार की जरूरत को प्रमुखता से उठाया था।
स्वीकृत राशि में से 1 करोड़ 80 लाख रुपये भवन निर्माण और सिविल कार्यों पर खर्च किए जाएंगे, जबकि 1 करोड़ 50 लाख रुपये अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही शिशु रोग आईसीयू के संचालन के लिए सहायक आचार्य, सीनियर रेजिडेंट, नर्सिंग अधिकारियों और वार्ड बॉय के पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
परियोजना पूरी होने के बाद अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार बच्चों को बेहतर उपचार मिल सकेगा और उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत काफी कम हो जाएगी। अस्पताल में 25 सामान्य बेड, 10 बेड का हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) और 5 बेड का आधुनिक आईसीयू विकसित किया जाएगा।
- Advertisement -
विधायक जेठानंद व्यास ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार जताया है।
