बीकानेर में चोरी के एक मामले का नयाशहर पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई एसपी मुदृल कच्छावा के निर्देशन में की गई।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 3 मई को परिवादी जयप्रकाश ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी के अनुसार 28 अप्रैल की सुबह जब वह गोदाम पहुंचा तो वहां के ताले टूटे हुए मिले। जांच करने पर गोदाम से गैस सिलेंडर, परात, टोपियां और अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान नयाशहर थानाधिकारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सूचना एकत्रित की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रेमकुमार, तालिफ, पुखराज और गौरीशंकर को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में शत-प्रतिशत माल की रिकवरी की गई है, जो इस कार्रवाई की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
- Advertisement -
इस कार्रवाई में नयाशहर थानाधिकारी रोहित चौधरी के साथ हंसराज, राजेन्द्र कुमार, श्यामलाल, हेमराज, रामकिशन, रविकुमार और विकास की टीम शामिल रही।
