बीकानेर। जिले में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को भुट्टों के बास क्षेत्र में तस्कर मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के अवैध निर्माण पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस और बीडीए की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान थानाधिकारी सुरेंद्र पचार अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। वहीं तहसीलदार महेंद्र रत्नू ने भी मौके पर पहुंचकर प्रशासनिक प्रक्रिया की निगरानी की।
पुलिस के अनुसार आरोपी मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें पांच मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े बताए गए हैं। प्रशासन ने अवैध रूप से बने मकान को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को अपराधियों की अवैध कमाई और कब्जों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। बीकानेर पुलिस हिस्ट्रीशीटर, तस्करों और गैंग से जुड़े अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है।
