बीकानेर। बीकेईएसएल ने शहरवासियों से ट्रांसफॉर्मर के आसपास कचरा नहीं डालने की अपील की है। कंपनी का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर के पास कचरा जमा होने से आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, कई लोग ट्रांसफॉर्मर के आसपास कचरा डाल देते हैं। भीषण गर्मी के चलते कई बार इस कचरे में आग लग जाती है, जो धीरे-धीरे ट्रांसफॉर्मर तक पहुंच जाती है। ट्रांसफॉर्मर में मौजूद ऑयल और तारों में इस्तेमाल होने वाले रबर व प्लास्टिक के कारण आग तेजी से फैलती है और बिजली व्यवस्था बाधित हो जाती है।
बीकेईएसएल ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रांसफॉर्मर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और वहां कचरा डालने से बचें, ताकि आगजनी और बिजली बाधित होने जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
