बीकानेर। पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में डीएसटी और बीछवाल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर श्रवण सोढा गैंग से जुड़े मुख्य हथियार तस्कर शिवा, निवासी बैतूल (मध्य प्रदेश) को पकड़ा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और 10 जिंदा राउंड बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार आरोपी हाल ही में अवैध पिस्टल मामले में जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही फिर से हथियार तस्करी में सक्रिय हो गया।
बीकानेर में अवैध हथियारों, संगठित अपराध और नए कानूनी प्रावधानों के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवती सिंह राठौड़, सदर वृताधिकारी अनुष्ठा कालिया, डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह, थानाधिकारी गौरव सारस्वत सहित पुलिस टीम शामिल रही। साइबर सेल के एएसआई दीपक यादव के इनपुट पर यह कार्रवाई की गई।
