विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। श्रीगंगानगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक परिवार से बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर करीब 13.58 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रायसिंहनगर निवासी जगप्रीत सिंह ने अपने बेटे समनदीप सिंह को विदेश भेजने के लिए श्रीगंगानगर के एच ब्लॉक स्थित सलूजा कंसल्टेंसी से संपर्क किया था। यहां उनकी मुलाकात कंसल्टेंसी संचालक शोभा सलूजा से हुई। आरोप है कि कंसल्टेंसी संचालक ने कम खर्च में ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिलाकर उनसे बड़ी रकम वसूल ली।
पीड़ित ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बहानों से पैसे जमा करवाए। रिपोर्ट के अनुसार 21 जुलाई 2025 को फोन-पे के जरिए 75 हजार रुपए शोभा सलूजा के खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके अगले दिन 22 जुलाई को सलूजा कंसल्टेंसी के खाते में 3 लाख 25 हजार रुपए जमा करवाए गए।
इसके बाद 3 सितंबर 2025 को अतिरिक्त फीस के नाम पर 48 हजार रुपए और लिए गए। वहीं 1 नवंबर को 70 हजार रुपए, 3 नवंबर को 3 लाख रुपए तथा 6 नवंबर 2025 को 5 लाख रुपए अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से जमा करवाए गए। इस प्रकार कुल 13 लाख 58 हजार रुपए आरोपियों को दिए गए।
- Advertisement -
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। दोनों के मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आने लगे। जब परिवार कंसल्टेंसी ऑफिस पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।
कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और कंसल्टेंसी से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
हाल के वर्षों में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी एजेंसी या कंसल्टेंसी के माध्यम से विदेश जाने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले उसकी वैधता और रिकॉर्ड की पूरी जांच अवश्य करें।
