राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) सीधी भर्ती परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बीकानेर जिले में परीक्षा के लिए पंजीकृत 18 हजार अभ्यर्थियों के लिए 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दो पारियों में परीक्षा आयोजित की गई। दोनों पारियों में औसतन करीब 70 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। इस दौरान कुल 18 हजार पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 12,693 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 5,307 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पारी में उपस्थिति का प्रतिशत 70.51 दर्ज किया गया।
इसके बाद दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई। दूसरी पारी में 12,520 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,480 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस सत्र में उपस्थिति 69.55 प्रतिशत रही।
भर्ती परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों पर निगरानी भी रखी गई। दो दिनों तक चली इस भर्ती परीक्षा में लगभग 1,200 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
- Advertisement -
हालांकि परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही का मामला भी सामने आया। जानकारी के अनुसार 50 से अधिक शिक्षक परीक्षा ड्यूटी पर अनुपस्थित रहे। इस पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) किशनदान चारण ने बताया कि भर्ती परीक्षा की ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। विभाग की ओर से पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि परीक्षा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने के बाद अब अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया और परिणाम का इंतजार रहेगा।
