बीकानेर। राज्य के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। सत्र 2026-27 के तहत निशुल्क यूनिफॉर्म सहायता राशि अब सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने बजट घोषणा के तहत इस प्रक्रिया को मिशन मोड में लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।
राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त Dr. Rashmi Sharma द्वारा जारी आदेश के अनुसार स्कूलों को शाला दर्पण पोर्टल के जरिए विद्यार्थियों के जन आधार से जुड़े बैंक खातों का डेटा अपडेट करना होगा। इसके लिए पोर्टल पर नया मॉड्यूल भी शुरू कर दिया गया है। जिला परियोजना समन्वयकों को पांच दिनों के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों की जानकारी अपडेट करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सहायता राशि केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगी जिनका जन आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होगा और पोर्टल पर डेटा सत्यापित होगा। जिन विद्यार्थियों के जन आधार या बैंक खाते लिंक नहीं हैं, उनके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि सभी पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
