बीकानेर। शहर के रोशनी घर चौराहे पर शुक्रवार को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में स्कूटी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के दौरान स्कूटी सवार समय रहते वाहन से उतर गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। आग लगने की इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाओं के बीच अब बैटरी सुरक्षा और तेज गर्मी में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की विश्वसनीयता को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।
