बीकानेर के Sardar Patel Medical College की लाइब्रेरी में दीवार में बड़ी दरार आने के बाद करीब 2.25 लाख पुस्तकों को सुरक्षा के चलते बंद कर दिया गया है। संभावित हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लाइब्रेरी पर ताला लगा दिया। बताया जा रहा है कि हाल ही में हुई बारिश के कारण जमीन धंसने से दीवार में लगभग दस फीट लंबी दरार आ गई। दीवार का प्लास्टर हाथ लगाने से झड़ रहा है और ईंटें भी टूटने लगी हैं।
स्थिति गंभीर होने पर कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बैठक की। निरीक्षण के दौरान सिटी एक्सईएन विजय मीणा, एईएन विनोद तंवर और जेईएन ने भवन की स्थिति का जायजा लिया। अभियंताओं ने फिलहाल दीवार को सपोर्ट देने की योजना बनाई है, लेकिन यदि पुरानी दीवार लगातार धंसती रही तो दोबारा निर्माण पर विचार किया जाएगा। इस दौरान डॉ. एनएल महावर और डॉ. अभिषेक कवात्रा भी मौजूद रहे।
कॉलेज भवन की छत भी खराब हालत में बताई जा रही है। सोलर पैनल लगाने के कारण छत की पट्टियों पर असर पड़ रहा है और क्लिपें बाहर दिखाई देने लगी हैं। लाइब्रेरी की पहली मंजिल की दीवारों में सीलन फैल गई है। वहीं कबूतरों की बीट और लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण परिसर में गंदगी का माहौल है। दीवारों पर लगी पुरानी और एंटीक तस्वीरें भी खराब हो चुकी हैं, जिससे भवन की बदहाल स्थिति और प्रशासनिक अनदेखी साफ नजर आ रही है।
