बीकानेर शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के तहत पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए एक रेस्टोरेंट पर अचानक कार्रवाई की। Bikaner के सदर थाना क्षेत्र में नगर निगम के पास स्थित एक रेस्टोरेंट पर पुलिस टीम ने रेड मारते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बाहरी राज्यों से आए दो महिलाओं और दो पुरुषों को मौके से पकड़ा। इसके साथ ही रेस्टोरेंट मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट में दो बाहरी जोड़ों को ठहराया गया था। इनमें से एक महिला और पुरुष असम से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरे जोड़े का संबंध हरियाणा और झारखंड से बताया गया है।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों महिलाओं को PBM Hospital स्थित सखी सेंटर भेजा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
वहीं रेस्टोरेंट मैनेजर और दोनों पुरुषों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसके पीछे कोई संगठित गतिविधि तो नहीं है।
- Advertisement -
सूत्रों के अनुसार, बीकानेर पुलिस इन दिनों होटल, रेस्टोरेंट और कैफे पर विशेष निगरानी बनाए हुए है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा रही है, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी जा सके।
