नापासर कस्बे में रोडवेज बसों के संचालन स्थल में किए गए बदलाव ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहले मुख्य बाजार क्षेत्र से संचालित होने वाली बसों को अब चुंगी चौकी से चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है और दैनिक खर्च भी बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार से चुंगी चौकी तक करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी कारण पहले बसों का अस्थायी संचालन पुलिस थाने के पास से किया गया था, लेकिन अब बिना पर्याप्त व्यवस्था के उन्हें चुंगी चौकी से संचालित किया जा रहा है। इस निर्णय से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार से चुंगी चौकी तक पहुंचने में प्रत्येक यात्री को लगभग 20 रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। रोजाना नापासर से बीकानेर आने-जाने वाले महादेव पारीक, अनुराधा पारीक, नागर ओझा, ओमप्रकाश सारस्वत, एडवोकेट विक्रम सिंह बिदावत, एडवोकेट मेघराज परिहार और एडवोकेट ओमप्रकाश कस्बा सहित कई लोगों ने इस व्यवस्था को जनहित के खिलाफ बताया है।
छात्र-छात्राओं ने भी इस बदलाव पर नाराजगी जताई है। मंजू, सरिता, अशोक और विजय कुमार जैसे युवाओं का कहना है कि टैक्सी या अन्य साधन समय पर नहीं मिलने के कारण कई बार बस छूट जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई और जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी चुंगी चौकी तक पहुंचना विशेष रूप से कठिन साबित हो रहा है, खासकर सामान के साथ आवागमन के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है।
- Advertisement -
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बसों का संचालन बिना स्पष्ट योजना और आदेश के मनमर्जी से किया जा रहा है। इससे यात्रियों की संख्या में भी गिरावट देखी जा रही है। लोगों ने रोडवेज प्रबंधन से मांग की है कि बसों का संचालन पुनः देशनोक रोड स्थित सुभाष क्लब के पास से शुरू किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
