राजस्थान में मई के पहले सप्ताह में गर्मी से कुछ राहत देखने को मिली है। मंगलवार को भी कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे खासकर उदयपुर संभाग के जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक गर्मी बाड़मेर में रही। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 6 और 7 मई के लिए 7 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम साफ रहा और धूप निकली, लेकिन हल्की हवाओं और नमी के कारण बीकानेर, चूरू, गंगानगर, फलोदी, जोधपुर और जैसलमेर सहित कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली और बाड़मेर, पाली, उदयपुर, राजसमंद, सिरोही और भीलवाड़ा सहित कई जिलों में घने बादल छाए। कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई। पाली के सुमेरपुर और बाड़मेर के समदड़ी में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि उदयपुर में शाम के समय हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 9 मई तक राज्य के पूर्वी हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का हल्का प्रभाव बना रहेगा। इस दौरान भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में दोपहर बाद बादल छाने और हल्की आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं, बीकानेर में बुधवार सुबह भी गर्मी का असर बना रहा।
