बीकानेर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस थाना बीछवाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए पिस्टल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद शहर में संभावित बड़ी वारदात टलने की आशंका जताई जा रही है।
थानाधिकारी गौरव सारस्वत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 मई 2026 को लालगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिया के नीचे दबिश दी। मौके से विकास बिश्नोई और किशनसिंह राजपूत को एक अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में जांच को तेजी से आगे बढ़ाया गया। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने हथियार सप्लाई नेटवर्क के मुख्य आरोपी महबूब उर्फ मोनू उर्फ मोनसा उर्फ डिफाल्टर और सतार खान उर्फ अब्दुल खान को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में महबूब उर्फ मोनू और विकास बिश्नोई के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
- Advertisement -
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बीकानेर शहर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिसमें हथियारों की खरीद-फरोख्त और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस पूरे ऑपरेशन में थानाधिकारी गौरव सारस्वत, उप निरीक्षक सुशीला, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, रवि कुमार, राम निवास और भगवानाराम सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
