बीकानेर के बींछवाल थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। यह घटना 8 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, जिसके बाद परिजनों ने 9 अप्रैल को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
परिजनों का आरोप है कि केंद्रीय कारागृह क्षेत्र के पास रहने वाली किशोरी को एक नामजद व्यक्ति और उसके परिवार द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।
परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि वे लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही और न ही आरोपियों पर कोई प्रभावी कदम उठाया गया है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द किशोरी को सुरक्षित बरामद करने की मांग की है।
