बीकानेर स्थित सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (एसपी मेडिकल कॉलेज) में टीबी एवं चेस्ट (श्वसन रोग) विभाग में प्रशासनिक बदलाव किया गया है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार द्वारा जारी आदेश के तहत वरिष्ठ आचार्य डॉ. गुंजन सोनी को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इससे पहले यह जिम्मेदारी डॉ. माणक चंद गुजरानी को अस्थायी रूप से सौंपी गई थी, लेकिन अब विभाग में वरिष्ठ आचार्य के रूप में डॉ. सोनी की उपलब्धता के चलते उन्हें यह पद दिया गया है।
डॉ. गुंजन सोनी पहले भी इस पद पर रह चुके हैं, हालांकि अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के कारण वे अपना पूरा कार्यकाल नहीं निभा पाए थे। नए आदेश के अनुसार वे 30 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक या अगली नियमित नियुक्ति तक इस पद पर कार्य करेंगे।
विभागाध्यक्ष के रूप में वे विभाग के प्रशासनिक कार्य, चिकित्सा सेवाओं की निगरानी, स्टाफ प्रबंधन और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही अस्पताल की IPD, OPD, ICU और इमरजेंसी सेवाओं को सुचारू बनाए रखने की भी जिम्मेदारी उनके पास रहेगी।
- Advertisement -
इस नियुक्ति को विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग के डॉक्टरों, रेजिडेंट्स और स्टाफ ने डॉ. सोनी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है।
