बीकानेर के समता नगर क्षेत्र में शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एकजुट होकर सड़क पर उतरे और ठेका खोलने के फैसले का विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कल्याण सुथार ने किया।
शुक्रवार को करीब 50 महिलाएं और पुरुष समता नगर की मुख्य सड़क स्थित शॉप नंबर 14 पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने “शराब का ठेका बिल्कुल नहीं चलेगा” जैसे नारे लिखे बैनर भी प्रदर्शित किए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पूरी तरह आवासीय है, जहां परिवार और बच्चे रहते हैं। यहां शराब का ठेका खुलने से माहौल खराब होगा और असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।
निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ठेका खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र को नशा मुक्त रखने की मांग दोहराई और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
- Advertisement -
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बताया कि ठेकेदार ने फिलहाल दो दिन का समय मांगा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं को देखते हुए ठेका निरस्त किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
