बीकानेर से बॉडी बिल्डिंग संघ को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है, जिसमें राजस्थान स्टेट बॉडी बिल्डिंग संघ के पूर्व अध्यक्ष नवीन यादव पर खिलाड़ियों से अवैध रूप से पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ये आरोप जिला बॉडी बिल्डिंग संघ के अध्यक्ष अरुण व्यास ने लगाए हैं।
अरुण व्यास के अनुसार, नवीन यादव को सितंबर 2025 में पद से हटा दिया गया था, इसके बावजूद वे अनधिकृत रूप से संघ की गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रतियोगिताओं के नाम पर खिलाड़ियों से प्रति इवेंट करीब तीन हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं है।
व्यास ने बताया कि यदि कोई खिलाड़ी तीन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेता है, तो उससे करीब नौ हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि आयोजन का खर्च कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी उठा रही है। ऐसे में यह वसूली पूरी तरह अवैध है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से संघ की स्थिति खराब है और खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाएं जैसे दैनिक भत्ता, यात्रा भत्ता और स्पोर्ट्स कोटे का लाभ भी बंद पड़ा है।
- Advertisement -
व्यास ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को फीस न दें और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
