बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ से गुजर रहे नेशनल हाईवे-11 पर शनिवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने राहगीरों पर हमला कर दिया। कुछ ही पलों में शांत माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
हमले की चपेट में एक कार में सवार पति-पत्नी और एक बाइक सवार आ गए। मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन झुंड बेहद आक्रामक था, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।
इसी दौरान एक पिकअप चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तिरपाल से घायलों को ढक दिया और उन्हें हमले से बचाया। उसकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसाइटी की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
- Advertisement -
इस अनोखी घटना ने कुछ समय के लिए हाईवे पर दहशत फैला दी, लेकिन समय पर मिली मदद से सभी की जान बच गई।
