बीकानेर में खेजड़ी से जुड़े चल रहे घटनाक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड पर है। किसी भी प्रकार की अवांछित स्थिति या सामाजिक तनाव को रोकने के लिए बीकानेर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। इसी क्रम में बीकानेर पुलिस ने आमजन के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से एक अहम अपील जारी की है।
एसपी बीकानेर की ओर से जारी संदेश में स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी धर्म, जाति, वर्ग या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा अनर्गल टिप्पणी पोस्ट या साझा करने से बचें। पुलिस ने कहा है कि इस तरह की गतिविधियां कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।
बीकानेर पुलिस सोशल मीडिया के सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखे हुए है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।
