बीकानेर। गुरूवार को नववर्ष की शुरुआत इस बार कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच हुई। देर रात हुई हल्की बारिश के बाद सुबह से ही पूरे जिले में मौसम ने अपना असर दिखाया। लोगों की दिनचर्या आम दिनों की तुलना में सुस्त रफ्तार से शुरू हुई। सड़कों पर निकलने वाले लोग अलाव के पास खड़े होकर ठंड से बचते नजर आए।
शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी और घना कोहरा पूरे इलाके में फैला रहा। इस कारण नववर्ष का पहला दिन छुट्टी जैसा माहौल बना रहा। लोग अलाव के चारों ओर बैठकर चर्चा करते दिखे, जबकि नमकीन और अन्य सुबह की दुकानों पर रोज की तुलना में ज्यादा भीड़ रही।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोहरे ने घेरा बना रखा था। महाजन, लूणकरणसर, जयपुर रोड और जैसलमेर रोड पर सड़कों पर घना कोहरा होने के कारण वाहनों की गति धीमी रही।
मौसम विभाग ने बीकानेर समेत आसपास के जिलों में कड़ाके की सर्दी और हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दो-तीन दिनों तक ठंड का प्रकोप जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को गर्म कपड़े और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
