जम्मू-कश्मीर: पुंछ में आतंकी ठिकाना उजागर, 5 आईईडी और वायरलेस सेट बरामद
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पुंछ जिले के सुरनकोट क्षेत्र में आतंकवादियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों ने मारहोट गांव में तलाशी अभियान चलाकर आतंकियों के ठिकाने से 5 आईईडी, एक वायरलेस सेट और कुछ कपड़े बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और रोमियो फोर्स (CIF) की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। बरामद सामग्री इस ओर इशारा करती है कि आतंकी इलाके में बड़े हमले की तैयारी में थे। सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज करते हुए पूरे क्षेत्र को घेर लिया है।
जेलों पर आतंकी हमले की आशंका, सुरक्षा कड़ी
पुंछ में हुई बरामदगी के बाद खुफिया एजेंसियों ने श्रीनगर सेंट्रल जेल और जम्मू की कोट बलवाल जेल पर आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। इन जेलों में कई खूंखार आतंकी बंद हैं, जो किसी हमले में मदद कर सकते हैं। इसी के मद्देनज़र जेल परिसरों की सुरक्षा और निगरानी को बढ़ा दिया गया है।
- Advertisement -
11वें दिन भी एलओसी पर पाकिस्तान की फायरिंग
इस बीच पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी है। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात को पाकिस्तान ने कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
इस पूरी कार्रवाई से स्पष्ट है कि सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं और आतंकी मंसूबों को नाकाम करने के लिए हर स्तर पर प्रयासरत हैं।
