नोखा (बीकानेर)।
नोखा क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें समाजसेवी और उप प्रधान प्रतिनिधि सोहनलाल विश्नोई का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, सोहनलाल विश्नोई अपने साथी जगदीश विश्नोई के साथ तीर्थस्थल मुकाम से नोखा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बोलेरो ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहनलाल विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी जगदीश विश्नोई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग नोखा अस्पताल की मोर्चरी पहुंचने लगे। पूरे कस्बे में शोक की लहर फैल गई। सोहनलाल विश्नोई सामाजिक कार्यों में वर्षों से सक्रिय थे और तीर्थस्थल मुकाम से उनका गहरा जुड़ाव था। वे अनेक जनहित कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे थे। उनके निधन से समाज में एक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता को अपूरणीय क्षति हुई है।
पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों का उपचार जारी है। स्थानीय लोग हादसे को लेकर गहरी पीड़ा और शोक जता रहे हैं।
